Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साली की मौत

फाइल फोटो मृतक

बांदा, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रविवार दोपहर तिंदवारी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साली की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम भुजरख निवासी 20 वर्षीय रोहित यादव पुत्र शिवकरन यादव अपनी 18 वर्षीय साली शांति पुत्री हरि प्रसाद को बाइक से उसके गांव दुरई माफी (बिसंडा) छोड़ने जा रहा था। गांव से निकलने के बाद वह तिंदवारी कस्बे में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल पीएचसी तिंदवारी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने शांति को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित की हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे महाराणा प्रताप चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रोहित को भी मृत घोषित कर दिया।

दोनों शवों को जिला अस्पताल की माेर्चरी में रखवाया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।

मृतक रोहित के बड़े भाई विजय करन ने बताया कि रोहित अपने पिता के साथ राजकोट में रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव आया था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। अचानक हुई घटना से उसकी मां उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है।

विजय करन ने बताया कि शांति उसकी साली थी, जो सिमौनी मेला देखने आई थी। रोहित उसे गांव छोड़ने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। मृतका शांति छह बहनों में सबसे छोटी थी और उसका एक भाई है। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। बेटी की मौत से मां केशकली भी सदमे में हैं।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह ने बताया कि डंपर की टक्कर से एक युवक और युवती की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *