Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

जमालपुर क्षेत्र के विकास के लिए 22.14 करोड़ रुपये का बजट पारित

जमालपुर क्षेत्र पंचायत कि बैठक मे जानकारी देती बीडीओ रक्षिता सिंह

– क्षेत्र पंचायत की बैठक में 109 मुख्यमंत्री आवास व मनरेगा में 4 लाख मानव दिवस सृजन का प्रस्ताव

मीरजापुर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।जमालपुर ब्लॉक सभागार में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख मंजू सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 22.14 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में बताया गया कि मनरेगा योजना के तहत 4,02,045 मानव दिवस का सृजन करते हुए 16.88 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। वहीं पंचम राज्य वित्त आयोग के लिए 4.38 करोड़ रुपये, केंद्रीय वित्त आयोग के लिए 3.52 करोड़ रुपये, तथा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 109 आवासों के लिए 1.30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।

बीडीओ रक्षिता सिंह ने सदस्यों को बताया कि जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें तुरंत फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री करवानी चाहिए, अन्यथा वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।

बैठक में कई जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं उठाईं। प्रधान संघ अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने जिवनाथपुर–कंचनपुर स्टेट हाइवे के किनारे झाड़ियों की सफाई की मांग की। अमरनाथ सिंह (डोहरी) ने बाढ़ से नष्ट फसल का बीमा दिलाने की मांग की। रीता कुमारी (तेतरिया) ने रुके हुए मॉडल शॉप और ग्राम मार्ग बनवाने की बात रखी।

ग्राम प्रधानों ने मनरेगा किश्त रिसीव न होने की समस्या बताई और दीपावली से पहले भुगतान के लिए धनराशि भेजने की मांग की, ताकि श्रमिकों को समय से मजदूरी दी जा सके।

एडीओ समाज कल्याण रमाकांत मिश्र, एडीओ कृषि शनि सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुशांत सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉ. राजन सिंह और बीईओ देवमणि पांडेय ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक संतोष मिश्रा ने किया।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *