Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सड़क पर खड़े टैंकर से टकराई कार, चार घायल

प्रतीकात्मक फोटो

मीरजापुर, 5 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजगढ़ कर्बला के पास मुख्य मार्ग पर चार दिनों से खड़ा खराब टैंकर लगातार हादसों का सबब बन रहा है। गुरुवार रात उसी टैंकर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें कार चालक सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया गया।

राजगढ़ थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि हादसे में आर्यन यादव, सोहन सोनी, अरविंद और चालक अमित, सभी चित्रकूट के कर्वी निवासी बताए गए हैं। ये लोग राजगढ़ क्षेत्र के एक लाॅन में बारात में शामिल होने के बाद कार से सोनभद्र की ओर जा रहे थे। लाॅन से करीब एक किलोमीटर दूर, अंधेरा होने के कारण मीरजापुर–सोनभद्र मार्ग पर खड़े खराब टैंकर को चालक देख नहीं सका और कार सीधे पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह टैंकर चार दिनों से सड़क पर खराब हालत में खड़ा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बुधवार को भी चुनार से शव का अंतिम संस्कार कर लौट रही बस इसी टैंकर से टकरा गई थी, जिसमें आठ लोग जख्मी हुए थे। इसके बावजूद टैंकर हटवाने की कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराज़गी है।

राजगढ़ थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज कराया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को ट्रामा सेंटर सोनभद्र रेफर किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि टैंकर हटवाने की कार्रवाई की जा रही है।

————-

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *