Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

शिमला : खाई में गिरी कार, एक की मौत, पांच घायल, सोलन से हाटू पीक आये थे घूमने

Accident

शिमला, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से शिमला जिला के ऊपरी पर्यटन स्थलों में घूमने आए युवाओं की एक कार कोटखाई क्षेत्र में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। रविवार देर रात कोटखाई के बाघी बाजार के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य युवक-युवतियां घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या HP-64-7845 (K/10) में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। सभी सोलन जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और हाटू पीक घूमने आए थे। घूमने के बाद रात के समय जब वे वापस लौट रहे थे, तभी बाघी बाजार के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही कोटखाई पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को 108 एम्बुलेंस की मदद से पहले सिविल अस्पताल ठियोग और फिर शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है और वह सोलन जिले का रहने वाला है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।

कोटखाई पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *