Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बाल योग संस्कारशाला में बच्चों ने सीखे स्वस्थ जीवन के सूत्र

बच्चों को योगासनों का अभ्यास कराते योग गुरु योगी ज्वाला सिंह।

मीरजापुर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पतंजलि युवा भारत एवं विंध्य योग सेवा धाम के संयुक्त तत्वावधान में नगर के कजरहवा पोखरा, पुलिस लाइन स्थित स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय निशुल्क बाल योग संस्कारशाला का गुरुवार को समापन हुआ। समापन अवसर पर राष्ट्रीय योगासन जज एवं योग गुरु योगी ज्वाला सिंह ने बच्चों को विभिन्न प्राणायाम और योगासनों का अभ्यास कराते हुए उनके लाभों की जानकारी दी।

योग गुरु ने भस्त्रिका प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए बताया कि इससे कफ रोग, सांस संबंधी समस्याएं, दमा और अस्थमा जैसी बीमारियों में लाभ मिलता है तथा अंतःकरण शुद्ध होता है। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, उज्जायी, भ्रामरी और उद्गीत प्राणायाम के साथ विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।

मुख्य महिला केंद्रीय प्रभारी संगीता व्यास ने बच्चों से आह्वान किया कि वे सीखे गए योग और ध्यान को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें, क्योंकि योग ही स्वस्थ और निरोग जीवन का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रबंधक रतन जॉनसन ने योग को जीवन का आधार बताते हुए योग गुरुओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी युवा भारत प्रवीण मौर्य ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षक, अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *