Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CRIME

जुब्बल में चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़, तीन युवक गिरफ्तार

जुब्बल में पकड़े चिट्टा तस्कर

शिमला, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिमला जिले के जुब्बल थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डिटेक्शन सेल रोहड़ू ने भगोली नाला के पास कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को चिट्टा बेचते हुए पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से कुल 13.025 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार ये युवक लंबे समय से जुब्बल, कुद्दू और सवाड़ा क्षेत्रों में चिट्टे की सप्लाई कर रहे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पारस, मोहम्मद साकिब और दीपक कुमार के रूप में हुई है। 22 वर्षीय पारस, पुत्र रतन लाल, उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर तहसील के अंतर्गत राजवाला एनफील्ड अमरी जंगल गांव का रहने वाला है। वह इन दिनों जुब्बल क्षेत्र में किराए के भवन में रह रहा था। दूसरा आरोपी 23 वर्षीय मोहम्मद साकिब, पुत्र इक़ताल, भी देहरादून जिले के विकासनगर तहसील के करीमगंज छरवा गांव का निवासी है और वह सवाड़ा क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। तीसरा आरोपी 31 वर्षीय दीपक कुमार, पुत्र भीम बहादुर, नेपाल के धांग जिला, आंचल राप्ती के तुलसीपुर वार्ड नंबर तीन का रहने वाला है, जो जुब्बल में पांगला पुल के पास संसारचंद के भवन में रह रहा था।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भगोली नाला के पास इन तीनों की गतिविधियों पर नजर रखी और मौके पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चिट्टा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्थानीय युवाओं को नशे का सामान बेच रहे थे और क्षेत्र में नशे का नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहे थे।

इस मामले में पुलिस थाना जुब्बल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने साफ कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *