Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

तहसील परिसर में बैनामे को लेकर संघर्ष, तीन महिलाओं समेत दर्जन भर हिरासत में

फोटो

औरैया, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना तहसील परिसर में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक प्लॉट के बैनामे को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। तहसील के द्वितीय तल पर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के पास हुए इस विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम), पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीन महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार मामला सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम पूर्वा भगत का है। गांव निवासी स्वर्गीय देवी प्रसाद की पत्नी अनारकली के नाम 9 डिसमिल का एक प्लॉट दर्ज था, जिसमें उनका और उनके दो पुत्रों नारायन व अजीत का हिस्सा था। बताया गया कि पुत्र नारायन पहले ही अपना हिस्सा परिवार के ही रमन और मान सिंह को बेच चुका था। वहीं अनारकली ने अपने हिस्से की 3 डिसमिल जमीन का सौदा करीब तीन माह पूर्व आलेखा देवी और मेहरबान सिंह से किया था। विवाद की वजह यह रही कि उक्त जमीन पर कब्जा तो आलेखा देवी का बताया जा रहा था, लेकिन रमन और मान सिंह इस बैनामे का विरोध कर रहे थे। परिजनों के अनुसार अनारकली बीते दो दिनों से घर से लापता थीं। विरोधी पक्ष को आशंका थी कि वह चुपचाप बैनामा कराने पहुंच सकती हैं, इसी कारण वे लगातार तहसील पर नजर रखे हुए थे। मंगलवार को जैसे ही अनारकली अपने सहयोगियों के साथ तहसील पहुंचीं, विरोधी पक्ष भी वहां पहुंच गया।

कागजी कार्यवाही के दौरान दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। तहसील जैसे सुरक्षित परिसर में हुई इस घटना से वहां मौजूद अन्य लोगों में दहशत फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम गरिमा सौनकिया, सीओ पी. पुनीत मिश्रा और कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। पुलिस ने अनारकली, राजेश्वरी देवी, आलेखा देवी समेत एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने बताया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *