Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सीओ सिटी ने हटवाया मुस्लिम इलाकों से आई लव मोहम्मद के पोस्टर

सीअेा सिटी कार्रवाई करते हुए

मथुरा, 27 सितम्बर(Udaipur Kiran News) । मुस्लिम इलाके में आई लव मोहम्मद के पोस्टर लगने से सोशल मीडिया में वायरल वीडियो पर मथुरा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रात्रि में पोस्टरों को हटवाया। बरेली में हुई घटना के बाद पुलिस सतर्क थी और उसने मुस्लिम बस्तियों में लगे झंडे और बैनर भी हटा दिए। इंटरनेट मीडिया पर भी ये पोस्टर खूब वायरल हुए जिसके बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है।

बरेली में आई लव मोहम्मद के पोस्टर लगाए जाने को लेकर पुलिस और मुस्लिम लोगों में खासी झड़प हुई। पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। यह मामला सुर्खियों में आया तो जिले की पुलिस भी सक्रिय हो गई। खुफिया से जानकारी मिली कि शहर की मुस्लिम बस्तियों में घरों व कुछ मस्जिदों पर भी आई लव मोहम्मद के पोस्टर, बैनर व झंडी लगी हुई हैं। इसके बाद सीओ सिटी आशना चौधरी ने शहर सर्किल क्षेत्र के थानों की पुलिस को सक्रिय करते हुए इस तरह के झंडे व पोस्टर हटवाने के निर्देश दिए। वह खुद फोर्स के साथ मुस्लिम बस्ती में पोस्टर हटाने के लिए निकल पड़ीं।

सीओ ने बड़ी संख्या में फोर्स के साथ शहर में मुस्लिम बस्ती भरतपुर गेट से घीया मंडी तक अभियान चलाया। इस दौरान जहां भी पोस्टर लगे मिले उन्हें उतरवाया। इसके बाद वह चौक बाजार स्थित मस्जिद पर पहुंची तो यहां एक पोस्टर लगा था, जो उतारते समय वह फट गया। इसके अलावा शहर के गोविंद नगर, कोतवाली नगर, हाईवे थाना पुलिस एवं चौकी प्रभारी अपने क्षेत्र में देर रात तक इस तरह के पोस्टर व झंडे हटवाने में जुटे रहे। देर रात तक पुलिस मुस्लिम क्षेत्र राधेश्याम कालोनी, जयसिंहपुरा, सुखदेव नगर, सौंख रोड, दरेसी, डीग गेट, मनोहरपुरा, भरतपुर, सराय होली गेट क्षेत्र में अभियान चलाकर पोस्टर व झंडे हटवाए। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस देर रात तक गश्त करती रही। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने इस तरह के मामले की जानकारी से इन्कार किया है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए बैनर

इंटरनेट मीडिया पर भी आई लव मोहम्मद के बैनर व पोस्टर शुक्रवार को दिनभर प्रसारित होते रहे। दिनभर मुस्लिम लोग इनको शेयर करते रहे। दोपहर बाद ये मामला खासा चर्चाओं में रहा। देर रात तक पुलिस जिलेभर के मुस्लिम क्षेत्र में गश्त कर इस तरह के पोस्टर, बैनर व पंफलेट हटाने में जुटी रही।

(Udaipur Kiran) / महेश कुमार

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *