Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HEADLINES

नई दिल्ली में मध्य प्रदेश उत्सव का रंगारंग समापन, लोक नृत्यों की हुई मनमोहन प्रस्तुति

मध्य प्रदेश उत्सव में लोक नृत्यों की हुई मनमोहन प्रस्तुति
मध्य प्रदेश उत्सव में लोक नृत्यों की हुई मनमोहन प्रस्तुति

भोपाल, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित मध्य भवन में चल रहे तीन दिवसीय मध्य प्रदेश उत्सव का रविवार देर शाम रंगारंग समापन हुआ। मध्य प्रदेश उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में उज्जैन की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार हीरामणि वर्मा ने मटकी लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस नृत्य ने दर्शकों को मालवी अंचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।

ढोलक और हार्मोनियम की मधुर धुनों पर आधारित इस नृत्य में कलाकार ने सिर पर मटकी रखकर पारंपरिक गीतों की लय पर भावपूर्ण नृत्य किया, जो मालवी संस्कृति की सरलता, सौहार्द और उल्लास को दर्शाता है। मध्य प्रदेश उत्सव के दौरान आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कुल 19 बच्चों ने भाग लिया और अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। तितली, सिपाही, पेड़, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई, झांसी की रानी, नर्स और ट्रैफिक सिग्नल जैसे विभिन्न रूपों में सजे बच्चों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने अपनी वेशभूषा के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

मां नर्मदा की महिमा का भव्य प्रस्तुतीकरण

भोपाल की सुप्रसिद्ध कलाकार क्षमा मालवीय के निर्देशन में एक अद्भुत नृत्य नाटिका की भव्य प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक रूप से गहराई तक प्रभावित किया। नृत्य नाटिका में मां नर्मदा की उद्गम कथा, उनके आध्यात्मिक महत्व तथा देवों, ऋषि-मुनियों एवं भगवान शिव से जुड़े प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। नर्मदे हर नर्मदे, नमामि देवी नर्मदे भजन पर आधारित इस प्रस्तुति में शिव शंकर के डमरू की गूंज, ओंकारेश्वर के प्राकट्य एवं ओंकार स्वरूप का मनोहारी वर्णन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

आवासीय आयुक्त रश्मि अरुण शमी को (मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग को) “मोस्ट इन्फॉर्मेटिव” श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान मध्य प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए दिया गया है। इस अवसर पर, मध्य प्रदेश सूचना केंद्र, नई दिल्ली से सौरभ मेहरा ने प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग राज्य सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *