Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

सोनिया व राहुल को नेशनल हेराल्ड मामले में मिली राहत को कांग्रेस ने बताया सत्य की जीत

सोनिया गांधी और राहुल गांधी

नई दिल्ली, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नेशनल हेराल्ड के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की अदालत द्वारा प्रवर्तन निदेशालय की शिकायत पर संज्ञान लेने से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति को करारा झटका बताया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह फैसला साबित करता है कि पूरा मामला बिना अधिकार क्षेत्र, बिना एफआईआर और बिना किसी कानूनी आधार के सिर्फ कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने के लिए चलाया गया था।

केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि ईडी ने बार-बार नेशनल हेराल्ड के तथाकथित मामले में कांग्रेस नेतृत्व को फंसाने की कोशिश की लेकिन अदालत के आज के फैसले ने साफ कर दिया कि यह मामला पूरी तरह राजनीतिक द्वेष से प्रेरित था। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह फैसला बदले की भावना से काम करने वाली जांच एजेंसियों के लिए भी स्पष्ट संदेश है। कांग्रेस और उसका नेतृत्व, लोकतंत्र और संविधान पर मौजूदा शासन के हमलों को चुनौती देने में सबसे आगे है और हर तरह की चुनौतियों के लिए तैयार है।

कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक एक्स पोस्ट में कहा गया कि सरकार की बदनीयत और गैरकानूनी तरीके से की गई कार्रवाई पूरी तरह बेनकाब हो गई है। पोस्ट में कहा गया कि पिछले एक दशक से मुख्य विपक्षी दल के खिलाफ बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई आज देश के सामने उजागर हो गई है और न तो मनी लॉन्ड्रिंग का कोई मामला है, न अपराध से अर्जित आय और न ही संपत्ति का कोई अवैध हस्तांतरण।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत शेखर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *