ईडी चार्जशीट खारिज होने के विरोध में भाजपा कार्यालय घेराव को जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में

कानपुर, 17 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी के आरोप पत्र को राजधानी दिल्ली की स्थानीय अदालत द्वारा लेने से इनकार कर दिया गया था। जिसके विरोध में बुधवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जाजमऊ चौराहे से हिरासत में ले लिया।
जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशन पर हम सभी लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करने जा रहे थे। तभी जाजमऊ चेकपोस्ट के पास दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। हमारा रास्ता रोकते हुए हमें हिरासत में ले लिया। सरकार पूरी तरह से मनमानी तरीके से कार्य कर रही है। वह सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का काम कर रही है। लेकिन हम गांधीवादी लोग हैं। सरकार के इन अत्याचारों से डरने वाले नहीं है।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेसी सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे। काफी देर समझाने के बाद नगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला को लखनऊ न जाने की हिदायत देते हुए पुलिस ने उन्हें उनके कार्यालय भेज दिया।
संदीप शुक्ला ने कहा कि यह पूरी तरह से संवैधानिक अधिकारों का हनन है। हमें लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है। जिसे सरकार द्वारा जबरन दबाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं है।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप



