Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

Photo

बोकारो, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बोकारो समाहरणालय के समक्ष बोकारो जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा)से महात्मा गांधी का नाम बदलने के कथित प्रयासों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व बोकारो जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी की सोच थी कि ग्रामीण भारत में रोजगार की सुनिश्चित व्यवस्था हो और मनरेगा उसी सोच का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने करोड़ों ग्रामीण परिवारों को सम्मानजनक रोजगार दिया है।

वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों, मूल्यों और दूरदर्शिता का परिणाम ही मनरेगा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों, शोषितों, दलितों और छोटे किसानों के चेहरों पर मुस्कान आई । उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों की खुशहाली बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।

महथा ने कहा कि गांधी जी भारत के कण-कण और जन-जन में बसे हैं और भाजपा चाहे जितना भी प्रयास कर ले, देश हमेशा गांधी जी को याद रखेगा। इस विरोध प्रदर्शन में देवाशीष मंडल, मनोज कुमार, मृत्युंजय शर्मा, अजीत सिंह चौधरी, मनोज राय, संघमित्रा सिंह, प्रेम राय, मो. मंजूर आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / अनिल कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *