Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

अयाेध्या : नगर निगम भवन पर अर्बन कल्चरल सेंटर का निर्माण शुरू

नगर निगम कार्यालय

नगर निगम के पुराने कार्यालय को मिल रहा नया रूप, बनेगा आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र

अयोध्या, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।रामनगरी अयोध्या के विकास को नई गति प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ हो गया है। सिविल लाइंस नगर निगम कार्यालय के भवन को आधुनिक अयोध्या अर्बन कल्चरल सेंटर में तब्दील करने का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व में यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जो अयोध्या को सांस्कृतिक और पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम है।

यह परियोजना नगर विकास तथा नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग के तहत संचालित हो रही है। परियोजना की कुल लागत 11.02 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। पुराने नगर निगम भवन, जो वर्षों से प्रशासनिक कार्यों के लिए उपयोग में था, अब एक आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र का रूप लेगा। इससे न केवल पुरानी इमारत को नया जीवन मिलेगा, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की योजनाओं पर प्रमुखता से कार्य कराया जा रहा है। अर्बन कल्चरल सेंटर पर्यटकों के लिए एक नायाब तोहफा रहेगा। आने वाले दिनों में नगर निगम मुख्यालय सिविल लाइंस स्थित नवनिर्मित भवन में संचालित होगा।

जानिए, अर्बन कल्चरल सेंटर में क्या-क्या सुविधा उपलब्ध रहेंगी

अर्बन कल्चरल सेंटर में कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो इसे आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाएंगी। इनमें ओपन एयर थियेटर शामिल है, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक और रामलीला जैसे आयोजन किए जा सकेंगे। पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी, ताकि आने वाले पर्यटकों को कोई असुविधा न हो। लैंडस्केपिंग से पूरा परिसर हरा-भरा और सुंदर बनेगा, जिसमें कांस्य मूर्तियां स्थापित की जाएंगी, जो अयोध्या की ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व को दर्शाएंगी। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जो जल संचयन में सहायक होगा। ड्रिप इरिगेशन प्रणाली से पौधों की सिंचाई होगी, जिससे जल की बचत होगी। वेंडर जोन बनाया जाएगा, जहां स्थानीय कारीगर और विक्रेता अपनी उत्पाद बेच सकेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। सबसे खास आकर्षण होगा लाइट एंड साउंड शो, जो रामायण कथा और अयोध्या के इतिहास को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। ये सभी सुविधाएं सेंटर को न केवल सांस्कृतिक बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनाएंगी।

योगी सरकार अयोध्या को विश्व स्तरीय नगरी बनाने को प्रयासरत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार अयोध्या को विश्व स्तरीय शहर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। राम मंदिर निर्माण के बाद अब सांस्कृतिक और बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया जा रहा है। यह अर्बन कल्चरल सेंटर उसी कड़ी का हिस्सा है, जो अयोध्या को आध्यात्मिक के साथ-साथ सांस्कृतिक राजधानी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ऐसे केंद्रों की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। यह परियोजना न केवल पुरानी संरचना का पुनरुद्धार करेगी, बल्कि युवाओं और कलाकारों के लिए एक मंच प्रदान करेगी। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और कार्यशालाओं का आयोजन होगा, जो स्थानीय कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देगा।

अयोध्या के सर्वांगीण विकास का प्रतीक है परियोजना

कुल मिलाकर यह परियोजना अयोध्या के सर्वांगीण विकास का प्रतीक है। अगस्त 2026 तक पूरा होने वाले इस सेंटर से रामनगरी की सुंदरता और आकर्षण में कई गुना वृद्धि होगी। श्रद्धालु और पर्यटक यहां आकर न केवल आध्यात्मिक शांति प्राप्त करेंगे, बल्कि सांस्कृतिक अनुभव भी ले सकेंगे। योगी सरकार की यह पहल अयोध्या को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली साबित होगी।

अगले वर्ष अगस्त माह तक पूरी हो जाएगी परियोजना

सीएनडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) के परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार ने बताया कि निर्माण कार्य आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि अगले वर्ष अगस्त माह तक इस परियोजना को पूर्ण कर लिया जाए। कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किया जा रहा है। यह सेंटर अयोध्या की बढ़ती पर्यटक संख्या को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जहां राम मंदिर के दर्शन के बाद श्रद्धालु सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे।

(Udaipur Kiran) / पवन पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *