Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CRIME

खेत की मेड को लेकर विवाद, चचेरे भाई ने भाई की गोली मारकर की हत्या

अस्पताल में परिजनों से बात करती पुलिस

फिरोजाबाद, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार रात खेत की मेड को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाई ने भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुट गई है।

थाना टूंडला क्षेत्र के गांव मदावली निवासी धर्मवीर सिंह (45) पुत्र हरिओम का अपने चचेरे भाई लाल सिंह पुत्र से खेत की मेड को लेकर विवाद था। परिजनों के अनुसार दो दिन पूर्व लाल सिंह ने धर्मवीर की मेड को जोत दिया था। बुधवार रात धर्मवीर इसी बात का उलाहना देने के लिए लाल सिंह के घर पहुंचे थे। आरोप है कि तभी दोनों के मध्य विवाद बढ़ गया। गाली गलौज होने लगी तभी लाल सिंह ने धर्मवीर पर अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गोली धर्मवीर को लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक गोली चलने की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हमलावर मौके से भाग गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तत्काल घायल धर्मवीर को एम्बुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सक ने धर्मवीर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है। पुलिस मृतक का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने की कार्यवाही कर रही है। परिजनों का रो_रो कर बुरा हाल है। पुलिस घटना की जांच कर कार्यवाही में जुट गई है।

इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद का कहना है कि गांव मदावली में मेड़ को लेकर चचेरे भाई ने एक व्यक्ति को गोली मारी है। जिससे उसकी मौत हुई है। पुलिस टीम व फील्ड यूनिट ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किये है। पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं ने मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *