Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

गौशाला में बीमार और मृत मिले गौवंश, माैके पर पहुंचे एसडीएम

गौशाला में बीमार और मृत मिले गौवंश

हाथरस, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । क्षेत्र के गांव जारऊ स्थित गौशाला में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गौशाला परिसर में कई बीमार और मृत गोवंश पाए गए। मृत गोवंशों का अंतिम संस्कार भी नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान कई जीवित गोवंश खुरपका रोग और मुंह में गंभीर घावों से पीड़ित मिले।

सशक्त भारतीय गौ रक्षा संरक्षण सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने इस स्थिति की जानकारी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी। सूचना मिलने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसडीएम मनीष चौधरी, तहसीलदार हेमंत चौधरी और खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार भी गौशाला पहुंचे। मौके पर निरीक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा बताई गई स्थिति सही पाई गई। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गौशाला की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। इस दौरान सशक्त भारतीय गौ रक्षा संरक्षण सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें आगरा जिला अध्यक्ष गुड्डू ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष रामू जुरैल, रवि जुरैल, दिव्यांश शर्मा और सौरभ तिवारी शामिल थे। एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि मृत गोवंशों का अंतिम संस्कार पहले गलत तरीके से किया गया था। इसे संज्ञान में लेते हुए जेसीबी मशीन मंगवाकर मृत पशुओं का नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया गया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को चारे की कमी पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि गोवंशों को पर्याप्त आहार मिल सके। पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रतिदिन गौशाला पहुंचकर गोवंशों की जांच, टीकाकरण और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने तीन कार्य दिवस के भीतर गौशाला की स्थिति में सुधार का आश्वासन दिया है।

—————

(Udaipur Kiran) / मदन मोहन राना

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *