पेटीएम बॉक्स के नाम पर हुई साइबर ठगी, पुलिस की तत्परता से 10 हजार रुपये वापस

मीरजापुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पेटीएम बॉक्स बनाने के नाम पर ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हुई महिला को पुलिस की सक्रियता से राहत मिली है। थाना कछवां साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी गई धनराशि में से 10 हजार रुपये पीड़िता के खाते में वापस कराए हैं।
ग्राम रामापुर निवासी अंजना सिंह पत्नी रविशंकर ने 29 सितम्बर को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से थाना कछवां पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने पेटीएम बॉक्स बनाने का झांसा देकर ऑनलाइन 11,400 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना कछवां साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान पीड़िता के बैंक खाते में 10,000 रुपये वापस कराए। खाते में धनराशि वापस आने पर पीड़िता के पति रविशंकर सोमवार को थाने पहुंचे और पुलिस उच्चाधिकारियों एवं थाना कछवां साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान साइबर सेल टीम ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत पीड़िता को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी और अपने परिजनों व परिचितों को भी साइबर सुरक्षा से जुड़े सुझावों से अवगत कराने की अपील की। इस सराहनीय कार्य में थाना कछवां साइबर सेल टीम के निरीक्षक अमरजीत चौहान, प्रभारी निरीक्षक थाना कछवां तथा उप-निरीक्षक शाहिद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—————
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा



