Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

साइबर टीम ने ठगी का शिकार हुए युवक के खाते में लौटाये 49,955 रुपये

कछवां पुलिस को धन्यवाद देता पीडित।

मीरजापुर, 21 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच थाना कछवां की साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। टीम की तत्परता से अज्ञात खाते में ट्रांसफर हुई 49,955 रुपये की धनराशि वापस कराकर पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी गई।

बरैनी गांव निवासी प्रणव कुमार शर्मा पुत्र श्रीधर ने 13 अक्टूबर को थाना कछवां के एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खाते से अज्ञात मोबाइल नंबर पर 50,000 रुपये ट्रांसफर हो गए हैं और सम्बंधित व्यक्ति फोन भी नहीं उठा रहा है। शिकायत मिलते ही थाना कछवां की साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 49,955 रुपये वापस कराए। खाते में रकम लौटते ही पीड़ित प्रणव कुमार शर्मा ने रविवार को थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए आभार जताया।

इस दौरान साइबर सेल टीम ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत पीड़ित को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए और अपने परिजनों व परिचितों को भी इन सुरक्षा टिप्स से अवगत कराने की अपील की। इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक अमरजीत चौहान, उपनिरीक्षक शाहिद यादव (प्रभारी साइबर सेल थाना कछवां) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *