Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बेटी ने पिता पर लगाए गंभीर आरोप, प्रताड़ना से तंग आकर एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

 (Udaipur Kiran)

मीरजापुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मड़िहान तहसील क्षेत्र के सेमरी सरसों गांव से एक ऐसी पीड़ादायक घटना सामने आई है, जो समाज को झकझोर कर रख देने वाली है। जहां एक ओर सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर घर की चारदीवारी के भीतर ही बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इसी क्रम में एक पीड़िता ने अपने ही पिता पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और घर से निकालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

सरसों सेमरी गांव निवासी शिवानी पुत्री संतदेव पाल ने सोमवार को उपजिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर अपनी व्यथा सुनाई। पीड़िता ने बताया कि उसकी मां का काफी पहले निधन हो चुका है। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। सौतेली मां के आने के बाद पिता का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और वह अमानवीय तरीके से पेश आने लगे।

पीड़िता का आरोप है कि पिता शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं, गाली-गलौज कर अपमानित करते हैं और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। वह अक्सर यह कहते हैं कि तू हमारी बेटी नहीं है, यहां रहने के लायक नहीं है। पीड़िता ने बताया कि प्रताड़ना की हद तब पार हो गई, जब मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।

मजबूरी में पीड़िता वर्तमान में रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के सहारे जीवन यापन कर रही है। उसने बताया कि वह मानसिक रूप से टूट चुकी है और उसके पास कोई स्थायी सहारा नहीं है। पिता जैसे मजबूत रिश्ते से मिली इस पीड़ा ने उसकी पूरी जिंदगी को झकझोर कर रख दिया है।

पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए पिता द्वारा की जा रही प्रताड़ना पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अनेग सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मड़िहान व राजगढ़ पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *