Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

सात निश्चय-3 का प्रचार प्रभावी ढंग से करे विभाग: विजय चौधरी

आईपीआरडी मंत्री विजय चौधरी विभाग की समीक्षा करते हुए

पटना, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्य सरकार के सात निश्चय-3 की जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग(आईपीआरडी) हर घर तक पहुंचाएगा।

विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को विभागीय कामों की समीक्षा के क्रम में निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रचार-प्रसार प्रभावी ढंग से हो। साथ ही, गलत सूचनाओं और अफवाहों का तुरंत खंडन भी किया जाएगा। सूचना भवन स्थित सूचना एवं जनसंपर्क में कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा विभिन्न प्रचार माध्यमों से राज्य की प्रमुख योजनाओं के प्रसार पर बल दिया।

मंत्री चौधरी ने विभाग के विभिन्न प्रचार माध्यमों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आईपीआरडी सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स (फेसबुक, यूट्यूब, एक्स, इंस्टाग्राम), आउटडोर होर्डिंग्स, फ्लेक्स, चैट बॉट और इन्फ्लूएंसर्स के माध्यम से जनता तक पहुंचा रहा है। विभाग विशेष रूप से 15 प्रमुख थीम्स पर फोकस करेगा, जिनमें रोजगार सृजन, विधि-व्यवस्था, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, पुलिस आधुनिकीकरण, नगर विकास, औद्योगिक विकास, जलवायु परिवर्तन, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और खेल शामिल हैं।

समीक्षा में बताया गया कि विभाग गलत सूचनाओं के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करता है। प्राकृतिक आपदा, शांति-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जनता के फीडबैक को विभिन्न माध्यमों से संग्रहित कर सरकार तक पहुंचाया जाता है।

विभाग के काम-काज में प्रमुखता से क्षेत्रीय प्रचार योजना, विशेष अंगीभूत योजना, जनजातीय क्षेत्र उप योजना, बिहार राज्य पत्रकार सम्मान पेंशन योजना, बिहार राज्य पत्रकार बीमा योजना, बिहार डायरी-कैलेंडर प्रकाशन, राज्य सूचना केंद्र संचालन, आउटडोर पब्लिसिटी और पत्रकारों का प्रमाणीकरण व कल्याण शामिल हैं।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य के सभी विभागों में जनसंपर्क बेहतर करने के उद्देश्य से जनसंपर्क पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ये पदाधिकारी योजनाओं की सही जानकारी सक्रियता से जनता तक पहुंचा रहे हैं। नियमित प्रेस ब्रीफिंग से सरकारी सूचनाओं का तथ्यात्मक प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य है कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी हर घर तक पहुंचे और राज्य का विकास जन-जन की भागीदारी से हो।

बैठक में विभाग के सचिव अनुपम कुमार, निदेशक अनिल कुमार, अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, विधुभूषण चौधरी, संयुक्त निदेशक रवि भूषण सहाय और विशेष कार्य पदाधिकारी कुमारिल सत्यानंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *