Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

छठ महापर्व पर अत्यधिक संख्या में यात्रियों के आवागमन को लेकर रेलवे स्टेशन पर दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति

पटना, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । छठ महापर्व के अवसर पर अत्यधिक संख्या में यात्रियों के आवागमन के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा पटना जंक्शन, राजेन्द्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन एवं दानापुर रेलवे स्टेशन पर दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु 22 अक्टूबर से तीन पालियों में 30 दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया गया है।

सिविल सर्जन, पटना को किसी भी आकस्मिकता से निपटने हेतु जीवन-रक्षक दवाओं एवं एम्बुलेंस सहित मेडिकल टीम को क्रियाशील रखने,नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को रेलवे स्टेशनों के आस-पास के क्षेत्र को अतिक्रमण-मुक्त रखने तथा अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रह कर विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है।

इसके साथ ही किसी भी तरह की सूचना 24 घंटे जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810, 2219234) एवं डायल 112 पर दी जा सकती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर आवागमन करने वाले यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था संधारण के मद्देनजर पदाधिकारियों को सजग तथा तत्पर रहने का निदेश दिया गया है। प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को रेलवे के अधिकारियों के साथ संवाद एवं समन्वय बना कर रहने का निदेश दिया गया है। यात्रियों का प्रवेश एवं निकास सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा रेल प्रबंधन को सभी प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन के पदाधिकारी रेलवे के अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहेंगे तथा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / सुरभित दत्त

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *