Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

उप मुख्यमंत्री ने बीटन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण

उपमुख्यमंत्री।

ऊना, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के बीटन में 3.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित श्री सतगुरु लाल दास ब्रह्मानंद भूरीवाले गरीबदासीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। 10 बिस्तरों की क्षमता वाले इस स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों व अन्य स्टाफ के लिए आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।

लोकार्पण अवसर पर वेदांताचार्य श्री सतगुरु चेतनानंद महाराज भूरीवाले की विशेष उपस्थिति रही। उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनसुविधा के दृष्टिगत शीघ्र एक्स-रे मशीन स्थापित करने के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठाए गए हैं। हरोली अस्पताल में 15 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं। बीटन, कुंगड़त और दुलैहड़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा कुठार और बालीवाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में वर्तमान में 35 डॉक्टर जनता की सेवा में कार्यरत हैं।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संतोषगढ़–जैजों सड़क का 500 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नयन किया जाएगा। पीएम गति शक्ति परियोजना के तहत इसकी डीपीआर तैयार कर ली गई है। इस परियोजना के माध्यम से बल्क ड्रग पार्क तक फोरलेन कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी।

175 करोड़ की नई पेयजल योजना

उन्होंने कहा कि विभोर साहिब से पोलियां बीत तक 175 करोड़ रुपये की नई पेयजल योजना तैयार की जा रही है। क्षेत्र के लगभग प्रत्येक गांव में ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं। अब तक 218 ट्यूबवेल लगाए जा चुके हैं तथा शेष आवश्यकताओं को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जेजों मोड़ से टाहलीवाल चौक वाया भाई का मोड़ लिंक रोड के स्तरोन्नयन हेतु 48.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के अंतर्गत प्रदान की गई है। इस परियोजना के तहत लगभग 17.50 किलोमीटर लंबे मार्ग का उन्नयन किया जाएगा तथा पालकवाह, कांगड़ और बढ़ेडा में तीन महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यातायात सुगमता और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विस क्षेत्र के हर आंगन, हर गली और हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया है। विशेष कर कभी पानी को किल्लत झेलने वाले बीत क्षेत्र में नई योजनाएं लाकर पानी का काम किया गया है।इसका ही परिणाम है कि कभी जल संकट से जूझने वाला बीत क्षेत्र आज पेयजल और सिंचाई दोनों सुविधाओं से संपन्न होनेंके साथ नकदी फसलों का गढ़ बन गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *