Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
BIHAR

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुलाई राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों की बैठक

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा की फाइल फोटो

-राज्य भर के अधिकारियों से करेंगे समस्याओं के समाधान पर चर्चा

पटना, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं भूमि सुधार और राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा भूमि से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने जमीन से संबंधित मामलों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए 18 दिसंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।

इस बैठक में राज्य भर के अपर जिलाधिकारी (एडीएम), भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) और अंचल अधिकारी (सीओ) शामिल होंगे। बैठक के दौरान मंत्री एवं विभागीय अधिकारी भूमि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निदान पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित होने वाली इस बैठक का नाम “भूमि सुधार जनकल्याण कार्यशाला” रखा गया है। यह कार्यशाला सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी और इसकी अध्यक्षता स्वयं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इस दौरान सभी जिलों में भूमि सुधार से जुड़े मामलों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यशाला में शामिल प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने जिलों की भूमि से जुड़ी प्रमुख समस्याओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही भूमि अभिलेख, रजिस्ट्री और अन्य राजस्व प्रक्रियाओं में आने वाली कठिनाइयों पर भी चर्चा होगी। समस्याओं के स्थायी समाधान तथा सरकारी नीतियों का लाभ आम जनता तक शीघ्र पहुंचाने के उपाय सुझाए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का उद्देश्य अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देना और भूमि सुधार से जुड़ी नीतियों को और अधिक प्रभावी बनाना है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की बैठकें प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने और जमीन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में भी सहायक सिद्ध होती हैं।———–

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *