Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
JAMMU & KASHMIR

डीजीपी ने 14वीं पुलिस शहीद स्मारक टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप का किया उद्घाटन, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

DGP inaugurates 14th Police Martyrs Memorial T-20 Cricket Championship, pays tribute to martyrs

कठुआ 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर वर्ष मेले, वतन पर मरनवालों का यही बाकी निशां होगा! हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहीदों की याद में पुलिस महानिदेशक जम्मू-कश्मीर नलिन प्रभात ने खेल स्टेडियम कठुआ में 14वीं पुलिस शहीद स्मारक टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप 2025-26 का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में भीमसेन टूटी आईजीपी जम्मू, शिवकुमार शर्मा डीआईजी जेएसके रेंज, राजेश शर्मा उपायुक्त, मोहिता शर्मा एसएसपी कठुआ सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

पुलिस महानिदेशक जम्मू-कश्मीर नलिन प्रभात ने अपने उद्घाटन भाषण में अन्य लोगों के साथ पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि दी और दोहराया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस हमारे शहीदों के बलिदान को नहीं भूलेगी जिन्होंने कर्तव्य की राह पर अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि पुलिस युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ने के लिए खेलों को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों को जारी रखेगी, ताकि बेहतर समाज का निर्माण हो सके, हमारे युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सके और उन्हें खेल को अपने करियर के रूप में चुनने का मंच दिया जा सके। इसके बाद पुलिस महानिदेशक ने पुलिस शहीदों की याद में मेगा क्रिकेट चैंपियनशिप आयोजित करने के लिए जिला पुलिस कठुआ और शहीद कल्याण समिति को बधाई दी। बाद में डीजीपी ने शहीद परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को भी सुना।

कठुआ पुलिस और शहीद कल्याण समिति ने लोगों से इस टूर्नामेंट को देखने और सभी प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर चैंपियनशिप के उद्घाटन के दौरान एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने अपने स्वागत भाषण में उद्घाटन को एक बड़ा आयोजन बनाने और इस अवसर की शोभा बढ़ाने के लिए सभी गणमान्य व्यक्तियों और दर्शकों का स्वागत किया। एसएसपी कठुआ ने वर्ष 2010 में इसकी शुरुआत से लेकर अब तक की चैंपियनशिप के घटनाक्रम की भी जानकारी दी। इसके अलावा शहीद कल्याण समिति के अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि, कठुआ पुलिस और प्रायोजकों को कार्यक्रम के आयोजन में उनके महान योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

—————

(Udaipur Kiran) / सचिन खजूरिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *