Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

धमतरी : पहले दिन जिले के 93 प्रतिशत बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा

जिला अस्पताल में बच्चे को पोलियो पिलाते हुए सीएमएचओ डा यूएल कौशिक।

धमतरी, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान 21 दिसंबर से शुरू किया गया। इसके तहत पहले दिन रविवार को जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं एवं बूथों में शून्य से पांच वर्ष के कुल 103112 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसी कड़ी में जिला अस्पताल के ओपीडी में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

जिला अस्पताल में आयोजित पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य रूप से सीएमएचओ डा यूएल कौशिक एवं सिविल सर्जन डा अरुण कुमार टोंडर उपस्थित थे। इस अवसर पर पांच वर्ष तक के बच्चों को दो बूंद पोलियो का ड्राप पिलाया। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डा जेपी दीवान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डा प्रिया कंवर, शिशु रोग विशेषज्ञ डा रवि किरण शिंदे, जिला अस्पताल सलाहकार गिरीश कुमार कश्यप, मेट्रन पार्वती नेताम सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।

अभियान के पहले दिन टीकाकरण बूथ, आंगनबाड़ी केंद्र, कुछ पंचायत भवनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं कुछ शालाओं में टीकाकरण कार्यक्रम सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक संचालित किया गया। जिसमें विभिन्न चौक – चौराहों पर ट्रांजिट दलों के द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। धमतरी जिले में रविवार को कुल 103112 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाया गया। जिसमें विकासखंड धमतरी के गुजरा ग्रामीण में कुल 23817 बच्चे, नगरी में 22704, कुरुद में 27908, मगरलोड में 15540 एवं धमतरी शहरी क्षेत्र में 13143। बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाया गया।

इस कार्यक्रम में तैनात स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, मितानिन, पंचायत सदस्यों और कोटवारों ने सक्रियता से कार्य किया। आज पिलाए गए बच्चों के बाये हाथ की छोटी उंगली में पोलियो इंडेबल मार्कर पेन से निशान चिन्हित किया गया। जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को प्लस पोलियो का ड्राप नहीं पी पाए हैं। उन्हें 22 एवं 23 दिसंबर को बूथ टीम के सदस्य घर – घर जाकर प्लस पोलियो का ड्राप पिलाएंगे। इस अभियान के तहत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 110553 बच्चों को पल्स पोलियो पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन ही 93 प्रतिशत बच्चों को पोलियो का ड्राप पिलाया गया है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *