Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

कार्निवल के रंगों में सराबोर हुआ धर्मशाला, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया शुभारंभ

कांगड़ा कार्निवाल का शुभारंभ मौके पर शोभा यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री और अन्य।
लोक कलाकारों के साथ उपमुख्यमंत्री।

धर्मशाला, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के उपरांत भव्य शोभा यात्रा के साथ कांगड़ा कार्निवाल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर वातावरण देखने को मिला।

शोभा यात्रा में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए अनेक सांस्कृतिक दलों ने सहभागिता की। पारंपरिक लोकनृत्य, वाद्य यंत्रों की मधुर धुनें, रंग-बिरंगी झांकियां और आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों का मन मोह लिया। शोभा यात्रा हनुमान मंदिर से पुलिस मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने हिमाचल दर्शन गैलरी का भी शुभारंभ किया।

गौरतलब है कि 31 दिसंबर तक चलने वाले कांगड़ा कार्निवाल के दौरान प्रतिदिन विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए फुटबाॅल प्रतियोगिता, प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास हेतु मिस एंड मिसेज प्रतियोगिता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से साइकिल राइड तथा युवाओं को आकर्षित करने वाले लाइफस्टाइल इवेंट्स भी शामिल हैं। कार्निवाल में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और पर्यटकों की बड़ी सहभागिता से पूरे क्षेत्र में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

इस अवसर पर मेयर नगर निगम नीनू शर्मा, उप महापौर तेजिंदर कौर, पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, उपायुक्त हेम राज बैरवा, आयुक्त नगर निगम जफर इकबाल, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *