Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बांदा: हनुमंत कथा में सजेगा धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार

Praveen singh

बांदा, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में बांदा जनपद में पहली बार बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा होने जा रही है। कथा के दौरान उनका दिव्य दरबार भी सजेगा। जिसमें श्रद्धालुओं की जिज्ञासाओं एवं कष्टों का समाधान होगा। इस कथा में बुंदेलखंड के जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा के अलावा सतना, रीवा, पन्ना और प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर जनपद के श्रद्धालु भी भाग लेंगे। कलश यात्रा 15 जनवरी को निकलेगी ।जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। कथा 16 से 20 जनवरी तक होगी।

यह बात मवई बाईपास में स्थित कथा के मुख्य आयोजक भारतीय जनता पार्टी के नेता व बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण सिंह ने गुरुवार को कथा स्थल मवई बाईपास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने बताया कि कथा का मुख्य आयोजक बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन है लेकिन यह आयोजन जन सहयोग से संपन्न होने वाला ऐतिहासिक धार्मिक कार्यक्रम है।जिसमें बांदा सहित आसपास के लगभग 10 जनपदों के श्रद्धालुओं को लाभ प्राप्त होगा। कथा के साथ-साथ महाराज जी का दिव्य दरबार भी सजेगा जिसमें श्रद्धालुओं की जिज्ञासाओं का समाधान होगा।

उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए हजारों समर्पित युवा व भक्तगण सेवादार के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। सेवादारों को विभिन्न समितियां में विभाजित किया गया है। जिसमें प्रमुख रूप से आयोजन समिति, पंडाल एवं मंच समिति, जलपान एवं भोग समिति ,पूजन व्यवस्था समिति, कलश यात्रा समिति, प्रचार प्रसार समिति, स्वागत समिति, यातायात वाहन एवं पार्किंग व्यवस्था समिति, आवास व्यवस्था समिति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य समिति, सफाई व विद्युत व्यवस्था समिति, मीडिया समन्वय समिति आदि के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए केंद्रीय कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। जिसके माध्यम से कथा स्थल पर समस्त व्यवस्थाओं का संचालन किया जाएगा।

आयोजन समिति द्वारा यह भी बताया गया कि विभिन्न समितियां के प्रमुख सेवादारों का चयन आपसी चर्चा के उपरांत किया जाएगा। जिसकी जानकारी कथा से पूर्व उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कथा स्थल में विशाल पंडाल की व्यवस्था की गई है जहां पर करीब डेढ़ सौ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। जो लोग पंडाल के अंदर नहीं बैठ पाएंगे उनके लिए एलईडी की व्यवस्था भी की गई है।

प्रेस वार्ता में भाजपा कार्यालय प्रभारी एवं संस्थापक सदस्य बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन दिलीप गुप्ता व मीडिया प्रभारी हर्षित गुप्ता भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *