Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सुलतानपुर में प्रत्येक मूर्ति के लिए अलग-अलग ड्यूटी होगी निर्धारित, विसर्जन स्थलों पर रहेगा पर्याप्त पुलिस बल

बैठक मे भाग लेते पुलिस अधिकारी

सुलतानपुर, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बुधवार को कैंप कार्यालय में एक बैठक की। इसमें दुर्गा पूजा, दशहरा और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कई निर्देश दिए। उन्होंने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मेला व्यवस्था के लिए स्पष्ट जिम्मेदारियां तय करने, भीड़-प्रबंधन, बैरिकेडिंग और पैदल गश्त की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक मूर्ति के लिए अलग-अलग ड्यूटी निर्धारित करने को कहा गया, ताकि विसर्जन यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। ट्रैफिक डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने और आमजन को यातायात में असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया गया।

सभी क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुलतानपुर पुलिस शांति, सौहार्द और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी, जिससे जनपद में दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन का पर्व सकुशल संपन्न हो सके। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी कोतवाली नगर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में, दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर शहर स्थित पुलिस अधिकारियों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। कोतवाली नगर में सीओ सिटी प्रशांत सिंह ने एक बैठक ली।

इस बैठक में नगर कोतवाल धीरज कुमार, एसएसआई जितेंद्र राज, अनिल कुमार यादव, सुशील कुमार द्विवेदी, वंदना अग्रहरि, रेखा सिंह, विनोद कुमार, अशोक कुमार चौरसिया, प्रदीप यादव, अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सीओ ने दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर उचित दिशा-निर्देश दिए।

—————

(Udaipur Kiran) / दयाशंकर गुप्त

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *