केजीएमयू में दिव्यांग मरीजों ने कैरम व टेबल टेनिस प्रतियोगिता में लिया हिस्सा


अपने को उपेक्षित न समझें दिव्यांगजन: प्रो. सोनिया नित्यानंद
लखनऊ, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर बुधवार को किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के फिजिकल मेडिसिन एण्ड रिहेबिलीटेशन की ओर सीपी हाल एवं वुडेन हाल में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग में भर्ती दिव्यांग मरीजों ने कैरम व टेबल टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के समापन पर केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने अति निर्धन व असहाय दिव्यांगजनों को माला पहनाकर उनकी आवश्यकतानुसार नि:शुल्क कृत्रिम अंग, व्हील चेयर, ट्राई साईकिल एवं वैशाखी का वितरण किया।
कुलपति ने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी प्रकार से अपने को उपेक्षित न समझे, वह भी समाज के हर क्षेत्र में सामान्य व्यक्तियों की तरह ही समान अवसर और आत्मविश्वास देने की आवश्यकता होती है। उसकी क्षमताएं सामान्य व्यक्ति से कम नहीं बल्कि कई बार अधिक प्रेरक होती हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन पीएमआर के विभागाध्यक्ष डा.अनिल कुमार गुप्ता ने किया। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शुचिता यादव प्रथम, सरोजा द्वितीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार बैडमिंटन में सरवर कुमार प्रथम, सचिता यादव द्वितीय तथा स्नेहा तीसरे स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर डा. अविनाश अग्रवाल, डा. अनित परिहार, डा. अमय अग्रवाल, डा.दिलीप, डा. संदीप गुप्त प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।———–
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन



