शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें : जिलाधिकारी

वाराणसी, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में बुधवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान आम जनता की समस्याएं सुनीं। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर उन्होंने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि केवल समाधान ही नहीं, बल्कि लाभार्थी की संतुष्टि भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी समस्याएं जनसुनवाई में आ रही हैं, उनका निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि आमजन को न्याय और राहत का वास्तविक अनुभव हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी चेताया कि लापरवाही या विलंब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी



