Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सीएम डैशबोर्ड में 42वीं रैंक पर पहुंचा जनपद, डीएम ने फिसड्डी विभागों को लगाई फटकार

बैठक में फटकार लगाते जिलाधिकारी

झांसी, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जनपद झांसी की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग प्रदेश में 42वें स्थान पर पहुंचने पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सख्त रुख अपनाया। नवीन सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने फिसड्डी विभागों को फटकार लगाते हुए कहा कि अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, अन्यथा कार्रवाई तय है।

डीएम ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त 3691 शिकायतों में से 1622 शिकायतों के फीडबैक असंतोषजनक मिले हैं, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेताया कि गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उद्यान विभाग की जांच के आदेश दिए। वहीं, पशुधन विभाग को गौशालाओं और गो-आश्रय स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि फैमिली आईडी, एनआरएलएम, शिक्षा, पर्यटन व लोक निर्माण विभागों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं दिख रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे पोर्टल पर डेटा सत्यापित कर स्वयं अपलोड करें और शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं का अधिकतम प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि जिले के विकास की सच्ची तस्वीर है। इसलिए सभी अधिकारी अपने विभागीय पोर्टल का नियमित निरीक्षण करें और प्रगति में सुधार लाएं।”

बैठक में सीडीओ जुनैद अहमद, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, एडीएम वित्त व राजस्व वरुण कुमार पांडेय, सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *