Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

धमतरी जिले में अधिकारियों के प्रशासनिक कार्य का हुआ विभाजन

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा।

धमतरी, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । धमतरी जिले में अपर कलेक्टर रीता यादव के स्थानांतरण के बाद प्रशासनिक कार्य-विभाजन में बड़ा फेरबदल किया गया है। उन्हें छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड में प्रबंध संचालक पद पर पदस्थ किए जाने के कारण पूर्व में जारी कार्य-विभाजन आदेश में संशोधन करते हुए जिले के आइएएस एवं राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के बीच नए सिरे से दायित्वों का अस्थायी पुनर्वितरण किया गया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधिकारी अपने-अपने विभागों का कार्य संपादन करेंगे।

नए आदेश के अनुसार-जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, शिक्षा मिशन, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछलीपालन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आयुष, पीएमजीएसवाय, डीएमफ सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार दिया गया है। अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी इंदिरा देवहारी को कानून-व्यवस्था, लाइसेंस, राजस्व, जेल, सूचना का अधिकार, विवाह पंजीयन, परिवहन, खाद्य, जाति अत्याचार निवारण अधिनियम, वरिष्ठ लिपिक शाखा सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।

अपर कलेक्टर पवन कुमार प्रेमी को वित्त, स्थापना, नाजरात, नजूल, निर्वाचन, परीक्षा शाखा, स्टेशनरी, लोकसभा-विधानसभा प्रश्न, राजस्व निरीक्षण और अन्य व्यवस्थापकीय कार्य दिए गए हैं। संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) प्रीति दुर्गम को नगरी अनुभाग का पूर्ण प्रभार दिया गया है, जबकि नभ सिंह कोशले को कुरूद और मगरलोड के राजस्व एवं दंडाधिकारी कार्य सौंपे गए हैं। डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव को समाज कल्याण विभाग का प्रभार तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व आईटी/ई-गवर्नेंस से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।

डिप्टी कलेक्टर बेरनादत्त एक्का को डीएमफ एवं सीएसआर नोडल अधिकारी, खनिज शाखा, अधोसंरचना उन्नयन, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास योजनाओं के सहायक नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार मरकाम को राजस्व शाखा, राहत एवं पुनर्वास, रेडकास, राजस्व लेखा, कृषि-संबंधित सहायक नोडल दायित्व और अन्य राजस्व कार्य सौंपे गए हैं। डिप्टी कलेक्टर पीयूष तिवारी को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धमतरी का पूर्ण प्रभार दिया गया है, साथ ही जिला सत्कार अधिकारी, भू-अर्जन अधिकारी और मंडी धमतरी की जिम्मेदारी भी दी गई है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *