गोवत्स पूजन के साथ शुक्रवार से शुरू होगा यदुवंशियों का दीपावली पर्व

हमीरपुर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के दीपावली पर्व का आगाज यदुवंशी गोवत्स पूजन के साथ करते हैं। इसी के साथ यदुवंशी छह दिवसीय दीपावली पर धूमधाम के साथ से मनाते हैं। यह पर्व इस वर्ष शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है।
सदियों से परम्परा विद्यमान है कि यदुवंशी दीपावली पर्व का शुभारम्भ गोवत्स पूजन से करते हैं। इस दिन यदुकुल की सभी महिलाएं व्रत रहती हैं और शाम को विभिन्न पकवानों के साथ मंगल गीत गाते हुए गाय बछड़े का पूजन करके उनको खिलाकर व्रत का पारण करती है। इस मौके पर जगह-जगह दिवाली नृत्य होता है। अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा के जिला महासचिव रमाशंकर यादव आचार्य, कुंडौरा के पूर्व प्रधान अवधेश कुमार यादव एडवोकेट, पूर्व शिक्षक उदल सिंह यादव, राष्ट्रपति पदक से पुरस्कृत बृजकिशोर यादव आदि बताते हैं कि द्वापर युग से यदुवंशी गोपालक रहे हैं।अभी भी यादव समाज पशुपालन में गाय को महत्व देते हैं। सदियों से दीपावली पर्व का आगाज यदुवंशी गोवत्स पूजन से करते हैं। आज भी इस परम्परा को बुंदेली सरजमी में यादव समाज पूरी श्रद्धा के साथ निभा रहे हैं।
इस वर्ष गोवत्स पूजन शुक्रवार को होना है। हमेशा यह पर्व धनतेरस के पूर्व होता है। इस दिन यादव समाज की सभी धर्म की सुहागिन महिलाएं व्रत रखती हैं और शाम को मंगल गीत गाते हुए गाय बछड़े को विभिन्न तरह के पकवान खिलाकर सुख समृद्धि की कामना करती है। इसके बाद व्रत का पारण होता है। इसी के साथ यदुवंशी छह दिवसीय दीपावली पर्व का शानदार आगाज करते हैं। आचार्य पं. उमादत्त शुक्ला,पं.विनीत शुक्ला ने बताया कार्तिक मास भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़ा मास है। इस मास को लोग अपने-अपने ढंग से मनाते हैं। गोवत्स पूजन व्रत का विधान शास्त्रों में है। इसका निर्वाहन यादव एवं ब्राह्मण समाज के लोग बुंदेलखंड में आज भी करते हैं। इसी के साथ बुंदेलखंड में दीपावली पर्व का आगाज होता है।
—————
(Udaipur Kiran) / पंकज मिश्रा



