Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

डीएम ने बढ़ते ठंड को लेकर किया सदर अस्पताल का निरीक्षण

अररिया फोटो:डीएम निरीक्षण करते

अररिया 21 दिसम्बर(Udaipur Kiran) ।डीएम विनोद दूहन ने बढ़ते ठंड को देखते हुए सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, ठंड को लेकर बरती जा रही सावधानियों, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता एवं समग्र चिकित्सीय व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

डीएम द्वारा विशेष रूप से बच्चा वार्ड एवं प्रसूति विभाग का निरीक्षण किया गया,जहां उन्होंने अब तक हुए सामान्य एवं सिजेरियन प्रसवों की संख्या, नवजात शिशुओं की स्थिति, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, पोषण तथा माताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं को सरकार द्वारा निर्धारित सभी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों की कमी सामने आने पर जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को चिकित्सकों की पूर्ति हेतु विभाग से अधियाचना के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

डीएम दूहन ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं अस्पताल कर्मी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *