Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

डीएम ने पलासी प्रखंड के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की

अररिया फोटो:डीएम बैठक करते

अररिया, 16 दिसम्बर(Udaipur Kiran) ।

जिले के पलासी प्रखंड सभागार में डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई।जिसमें सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, कार्य प्रगति एवं उपलब्धियों की गहन समीक्षा की गई। इससे पूर्व अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा द्वारा डीएम का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।

समीक्षा के क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीडीएस, धान अधिप्राप्ति, स्वास्थ्य, कृषि, जीविका, मनरेगा, पंचायती राज, पीएचईडी सहित अन्य विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अररिया द्वारा बताया गया इस वर्ष पीडीएस की तीन लाइसेंस रद्द किये गये हैं। इस क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा रिक्तियों की जानकारी तथा लाभुकों के बीच पूर्ण राशन वितरण की समीक्षा की गई और कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। बीसीओ द्वारा बताया गया कि धान अधिप्राप्ति का कार्य सुचारु रूप से संचालित है।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में डीएम द्वारा निर्देश दिया गया कि अस्पतालों में आमजनों को सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का समुचित फायदा मिले।वहीं बीएओ को निर्देश दिया गया कि किसानों को खाद उचित मूल्य पर उपलब्ध हों। साथ ही किसान पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए 30 दिसंबर एवं 15 जनवरी तक लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। वहीं ब्लॉक प्रबंधक, जीविका को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के पात्र लाभुकों को आवश्यक एवं समुचित लाभ देने का भी निदेश दिया गया।मनरेगा के तहत बन रहे खेल मैदानों की की प्रगति की समीक्षा भी जिला अधिकारी द्वारा किया गया तथा खेल मैदानों में कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

अंचल अधिकारी को म्यूटेशन एवं परिमार्जन के लंबित मामलों को 30 दिसंबर तक निष्पादित कर 10 जनवरी तक रिपोर्ट अंतिम रूप से समर्पित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड कार्यालय पलासी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में प्रखंड कार्यालय परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया। वहीं निर्वाचन प्रशाखा में प्रतिनियुक्ति अनुपस्थित पाए गए कर्मियों तथा अंचल कार्यालय में दो कंप्यूटर खराब रहने के मामले में संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने का निदेश दिया गया।

(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *