झारखंड में आंशिक बादल छाने से धूप में नहीं रही तल्खी, दिन भर रही कनकनी

रांची, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड के रांची सहित विभिन्न जिलों में रविवार को आंशिक बादल छाने से धूप में तल्खी महसूस नहीं की गई। इस वजह से दिनभर कनकनी रही।
इस संबंध में मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि यह स्थिति आने वाले हफ्ते में भी बरकरार रहेगी। विभाग का कहना है कि मौसम पूरी तरह साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी।
इधर, राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में सुबह में भारी ठंड महसूस की गई जबकि दिन चढ़ने के बाद आसमान में आंशिक बादल छाये रहे। इससे लोगों को दिनभर भारी ठंड महसूस हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 26.9 डिग्री और सबसे कम तापमान रांची में 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, जमशेदपुर में 26.9 और 12 डिग्री, डालटेनगंज में 25.4 और 8.1 डिग्री, बोकारो में 23.5 और 10.1 डिग्री, चाईबासा में 26.8 डिग्री और 10.2 डिग्री, खूंटी में 24.3 और 7.5 डिग्री, लोहरदगा में 217 और 8.8 डिग्री और लातेहार में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak



