Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

भीषण ठंड और घने कोहरे के चलते जालौन में दो दिनों के लिए कक्षा 8 तक के स्कूल बंद

बैठक में निर्देश देते डीएम

उरई, 18 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जनपद जालौन में बढ़ती ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार को बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान और चेतावनी के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में कक्षा नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों में दो दिन का शीत अवकाश घोषित किया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बिरजू भारती द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद में संचालित समस्त परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 19 एवं 20 दिसम्बर को शिक्षण कार्य पूर्ण रूप से बंद रहेगा। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पूर्व से प्रस्तावित प्रतियोगी परीक्षाएं यथावत आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे और विभागीय योजनाओं जैसे परीक्षा पर चर्चा, यू-डाइस एवं डीबीटी से संबंधित कार्यों का क्रियान्वयन करेंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बिरजू भारती ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाचार्यों को भेजी गई है।

भीषण ठंड के बीच प्रशासन के इस फैसले से जहां अभिभावकों और छात्रों ने राहत की सांस ली है, वहीं शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल कुमार वर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *