Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

ड्यूटी से कम पैसे देने पर भड़का सिक्योरिटी गार्ड, कुल्हाड़ी से कर दी हत्या

मृतक सुरक्षा गार्ड
जप्त कुल्हाड़ी

रामगढ़, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । रामगढ़ शहर में कॉलेज के समीप एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में बुधवार की देर रात एक सिक्योरिटी गार्ड अचानक से अपने साथी पर भड़क गया। उसने नशे की हालत में ही कुल्हाड़ी से पीट कर अपने साथी की हत्या कर दी। मृतक की पहचान बाजार समिति निवासी सुनील सिंह के रूप में हुई है। इस हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारा सिक्योरिटी गार्ड शंकर महतो खुद रामगढ़ थाने पहुंचा और उसने आत्मसमर्पण कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार शंकर महतो रजरप्पा थाना क्षेत्र के बहातु जमीरा गांव का रहने वाला है।

वारदात के बाद साइकिल से थाने पहुंचा हत्यारा

सुनील सिंह की हत्या करने के बाद शंकर महतो जरा भी घबराया नहीं। उसने कुल्हाड़ी को अपने कमरे में ही छोड़ दिया और साइकिल उठाकर सीधे रामगढ़ थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने सहयोगी सुरक्षा गार्ड सुनील सिंह की हत्या कर दी है।

हत्या के पीछे की शंकर ने बताई वजह

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि शंकर महतो ने अपने गुस्से का कारण भी बताया है। उसने कहा कि उससे जितना काम कराया जाता था, उसके एवज में मिलने वाली रकम कम थी। इसके अलावा सुनील सिंह अक्सर मालिक से उसकी शिकायत करता था। जिसकी वजह से उसे डांट भी पड़ती थी। बुधवार को भी सुनील सिंह के द्वारा ऐसी ही हरकतें की गई थी। रात में शंकर महतो ने शराब पी और नशे की हालत में सुनील सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसने कनपटी पर कई बार वार किया, जिससे घटनास्थल पर ही सुनील सिंह की मौत हो गई।

—————

(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *