
नई दिल्ली, 07 दिसंबर (Udaipur Kiran) . भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. इसी क्रम में यूरोपीय संघ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल Monday को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेगा.
आधिकारिक सूत्रों ने sunday को दी जानकारी में बताया कि भारत आए यूरोपीय संघ (ईयू) का प्रतिनिधि मंडल केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हुई वार्ता की प्रगति पर चर्चा करेगा. इस बैठक का मकसद साल के अंत तक समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में प्रगति की समीक्षा करना है.
यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों पक्ष यथाशीघ्र बातचीत को मुकाम पर पहुंचाने के इच्छुक हैं. भारत दौरे पर आए ईयू टीम का नेतृत्व यूरोपीय संघ व्यापार महानिदेशालय की महानिदेशक सबाइन वेयंड कर रही हैं. उनका इस दौरे का मुख्य उद्देश्य वस्तुओं और सेवाओं से जुड़े उन मुद्दों को सुलझाना है, जिन पर अभी भी दोनों पक्षों में मतभेद बने हुए हैं.
यूरोपीय संघ का प्रतिनिधिमंडल भारत के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री से मुलाकात करके इस्पात, कार्बन कर, वाहन और गैर-शुल्क अवरोध जैसे कुछ मुद्दों पर मतभेद को दूर करने का प्रयास करेगा. दोनों पक्षों ने इस बातचीत को साल के अंत तक नतीजे पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है.
उल्लेखनीय है कि जून, 2022 में भारत और 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ (ईयू) समूह ने आठ साल से ज्यादा के अंतराल के बाद व्यापक मुक्त व्यापार समझौता, निवेश सुरक्षा समझौता और भौगोलिक संकेतों (जीआई टैग)पर समझौते के लिए बातचीत फिर से शुरू की थी. ये वार्ता 2013 में विभिन्न वस्तुओं के लिए एक दूसरे के बाजारों को खोलने को लेकर उत्पन्न गतिरोध के कारण रुक गई थी.
——————
(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर
