Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

विधायक के शिलान्यास के बाद भी सालभर नहीं बनी सड़क, तो मुखिया ने संभाली जिम्मेदारी

सडक निर्माण कार्य में जुटे मुखिया पतरस सहित ग्रामीणजन

रांची, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । खिजरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की सुस्ती का उदाहरण नामकुम प्रखंड के सोदाग पंचायत से सामने आया है।

यहां खिजरी विधायक राजेश कच्‍छप की ओर से सड़क निर्माण कार्य के लिए बडे तामझाम से किए गए शिलान्यास के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सडक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका।

सडक नहीं बनने से ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सोदाग पंचायत के मुखिया पतरस तिर्की ने खुद ही मोर्चा संभाला और श्रमदान के जरिए शुक्रवार को सड़क निर्माण कार्य की पहल शुरू कर दी। मौके पर मुख‍िया ने बताया कि रांची–खूंटी जिला की सीमावर्ती क्षेत्र स्थित सोदाग पंचायत के सुदूरवर्ती गांव गरसुल अम्बाटोली तक सडक का निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से होना था। इसके लिए टेंडर भी प्रकाशित किया गया। सडक निर्माण कार्य का शिलान्‍यास खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने किया। बावजूद इसके निर्माण कार्य के शिलान्‍यास के एक साल बाद भी सडक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा सका। इससे स्‍थानीय ग्रामीणों में काफी निराशा की स्थिति थी। इसके बाद क्षेत्र के मुखिया पतरस तिर्की ने मोर्चा संभालते हुए अन्‍य ग्रामीणों के सहयोग से श्रमदान कर सड़क को चलने योग्य बनाने का निर्णय लिया। इस सडक को बनाने के लिए ग्रामीण खुद ही

फावड़ा, कुदाल और अन्य संसाधनों के साथ सड़क के निर्माण कार्य में जुट गए।

वहीं मुखिया ने बताया कि सड़क नहीं बनने से यहां के ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने, बच्चों का स्कूल आने-जाने सहित अन्‍य जरूरी कार्यों को लेकर आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड रहा था। उन्‍होंने बताया कि यह क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित भी रहा है, ऐसे में यह सडक ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा जैसी है।

मुखिया ने कहा कि सड़क निर्माण में देरी के पीछे तकनीकी समस्या हो या फंड की कमी, लेकिन इसका खामियाजा आम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *