Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

किसान सम्मान दिवस पर उत्कृष्ट कृषकों का होगा सम्मान, मीरजापुर के किसान बढ़ाएंगे प्रदेश का मान

 (Udaipur Kiran)

मीरजापुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस 23 दिसंबर को जनपद मीरजापुर में पूर्व की भांति किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि, उद्यान, मत्स्य एवं पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा। उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने बताया कि विभिन्न फसलों में सर्वाधिक उत्पादकता प्राप्त करने वाले किसानों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत इस वर्ष भी जनपद के किसानों का चयन किया गया है।

उन्होंने बताया कि जनपद मीरजापुर से सात किसानों को विभिन्न फसलों में राज्य स्तर पर सर्वाधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश कृषि भवन, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। चयनित किसानों में अमरेश कुमार (रामपुर अतरी, पटेहरा कला) को ज्वार में 40 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के लिए प्रथम स्थान, संजय कुमार मिश्र (रामपुर-38, राजगढ़) को धान में 86.25 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के लिए द्वितीय स्थान, राजकुमार (बनकी, पटेहरा कला) को ज्वार में 38 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के लिए द्वितीय स्थान मिला है।

इसी प्रकार विपिन कुमार मिश्र (भटेवरा, छानबे) को प्राकृतिक खेती में द्वितीय स्थान, देवकी प्रसाद मौर्य (दुबरा पहाड़ी, सिटी) को बाजरा में 38.50 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के लिए प्रथम स्थान तथा रामप्रसाद (बघौड़ा, राजगढ़) को बाजरा में 36.50 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता के लिए द्वितीय स्थान पर चयनित किया गया है। इसके साथ ही कृषक उत्पादक संगठन की श्रेणी में मे० सिटी ब्लाक फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सिटी के निदेशक धर्मेन्द्र मौर्य का चयन मिलेट्स के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तर पर तृतीय स्थान के लिए किया गया है। इन सभी चयनित कृषकों को 23 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया जाएगा ।

इसके अलावा जिला स्तर पर भी कृषि, उद्यान, मत्स्य एवं पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को 23 दिसंबर को आयोजित किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम न्यू लेक्चर थिएटर कॉम्प्लेक्स, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, बरकछा में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *