प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल होने पर किसान ने फांसी लगाकर दी जान

कानपुर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र में एक किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार की सुबह सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि हीरा सिंह का पुरवा गांव में रहने वाला शुभम सिंह (23) मां संतोषी देवी, छोटे भाई निखिल के साथ रहता था। पिता ज्ञान सिंह की करीब बाइस साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद वह परिवार का पालन-पाेषण करने के लिए खेती करने लगा। किसानी के साथ-साथ वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, वह एयरफोर्स की तैयारी करते हुए दो बार परीक्षा भी दे चुका था। हालांकि उसकी लंबाई कुछ सेंटीमीटर कम होने के चलते उसे मायूसी का सामना करना पड़ा।
आगे उन्होंने बताया कि बीते दिनों खेतों में पानी भर जाने की वजह से गेहूं की फसल बर्बाद हो गयी थी, जिस वजह से वह काफी परेशान चल रहा था। इसका जिक्र भी उसने घरवालों से किया था। मंगलवार को उसने परिजनों के साथ खाना खाया फिर सोने चला गया। अगले दिन जब परिजन सो कर उठे तो देखा कि शुभम ने घर के आंगन में मफलर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।————
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप



