यूरिया न मिलने से भड़के किसानों ने किया सड़क जाम

सीतापुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । यूरिया खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने मंगलवार को लहरपुर–विसंवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अहिरन पुरवा स्थित साधन सहकारी समिति पर यूरिया वितरण न होने को लेकर किसानों में आक्रोश फैल गया। बताया गया कि समिति पर खाद वितरण के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद वितरण कर्मचारी समिति बंद कर मौके से चले गए। इससे नाराज किसान गांव से निकलकर मुख्य मार्ग पर बैठ गए और जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार और कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिससे कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही। बाद में कोतवाली प्रभारी ने किसानों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया,तब जाकर आवागमन बहाल हो सका।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



