केसीसी कार्ड धारक किसानों की रबी की फसल का जरुर कराएं बीमा

फर्रुखाबाद,16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रबी की फसल का केसीसी कार्ड धारक किसानों का बीमा अनिवार्य रूप से कराया जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को फसल बीमा योजना से संबंधित समीक्षा बैठक करते हुए मंगलवार काे दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उप कृषि निदेशक, समस्त बैंक कोऑर्डिनेटर, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक, जिला कृषि अधिकारी, फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तथा सहायक चकबंदी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में रबी 2025–26 की फसलों के फसल बीमा को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि समस्त किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) धारक किसानों की फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में किसानों को समय से क्षतिपूर्ति मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन किसानों ने लिखित रूप में फसल बीमा न कराने का आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा, केवल उन्हीं का बीमा नहीं किया जाएगा।
बैठक में अवगत कराया गया कि फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित है। बैंक प्रतिनिधियों ने यह भी बताया गया कि फसल बीमा पोर्टल दिन में कई बार कार्य नहीं करता, जिससे समय से डाटा फीडिंग में कठिनाई उत्पन्न होती है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या होने पर तत्काल अपने उच्चाधिकारियों, उप कृषि निदेशक एवं प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक को सूचित किया जाए, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि खरीफ 2025 में बाढ़ से प्रभावित फसलों की क्षति के लिए जनपद के 2317 किसानों को कुल 1 करोड़ 67 लाख रुपये की क्लेम राशि उनके खातों में भुगतान की जा चुकी है। साथ ही फसल कटाई प्रयोग के परिणामों के आधार पर यदि उपज में और कमी पाई जाती है, तो शेष पात्र किसानों को अतिरिक्त धनराशि का भुगतान भी किया जाए।
—————
(Udaipur Kiran) / Chandrapal Singh Sengar



