Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

मोरंग खदान संचालकों की मनमानी के खिलाफ किसानों ने खोला मोर्चा, संचालकों पर फसल रौंदकर रास्ता बनाने का आरोप

मौरंग खदान संचालकों की मनमानी का विरोध करते किसान

फतेहपुर, 02 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को मोरंग खदान संचालकों की मनमानी का विरोध कर रास्ता जाम कर दिया और खड़ी फसल रौंद कर जबरन मौरंग लदे ट्रक निकालने का आरोप लगाया है।

खागा तहसील के संगोलीपुर मडैयन खदान संचालकों की मनमानी का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि बिना किसी मुआवजे, अनुमति और सूचना के खदान संचालकों ने रात में खेतों की खड़ी फसल को रौदते हुए रास्ता तैयार कर दिया और सुबह होते ही भारी वाहन उसी रास्ते से दौड़ने लगे। इससे किसानों की गेहूँ और सरसों की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।

इस मनमानी से नाराज किसानों ने आज मोरम खदान के मुख्य रास्ते को रोककर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने खदान संचालक पर दबंगई करने और मुआवजा मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए। किसानों ने कहा कि खदान संचालक लगातार धमका रहा है कि “ज्यादा बोलोगे तो देख लूंगा”, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश है।

किसान रामपाल, सुरेन्द्र, सुखराम आदि का आरोप यह भी है कि खदान शुरू होने से लेकर अब तक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। शुरुआत से ही खदान संचालन नियमों के विपरीत चल रहा है और स्थानीय प्रशासन शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने कुछ अधिकारियों पर भी मिलीभगत कर खदान संचालक का संरक्षण करने के आरोप लगाए।

जाम लगने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को शांत कराने का प्रयास किया। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी फसल का उचित मुआवजा नहीं मिलेगा और अवैध रास्ता बंद नहीं किया जाएगा, विरोध जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने मांग की कि खदान संचालक पर तुरंत कार्रवाई की जाए, मुआवजा दिया जाए और किसानों को मिल रही धमकियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। थाना प्रभारी ने बताया कि राजस्व विभाग के अधिकारियाें के संज्ञान में मामला है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस माॅनिटरिंग कर रही है।

(Udaipur Kiran) / देवेन्द्र कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *