Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

उप्र में अब 10 दिसंबर तक किसान खरीद सकेंगे अनुदानित बीज

समीक्षा बैठक करते कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही

लखनऊ, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के किसानों को रबी सीजन 2025-26 के लिए अनुदान पर दिए जा रहे बीज खरीदने की तिथि को अब 30 नवंबर से बढ़ाकर 10 दिसंबर कर दिया गया है। पिछले दिनों मौसमी बदलाव के कारण खरीफ फसलों की कटाई में हुई देरी के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है, ताकि सभी किसान बिना किसी परेशानी के बुवाई के लिए बीज खरीद सकें।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को कार्यालय कक्ष में बुन्देलखण्ड क्षेत्र में संचालित प्राकृतिक एवं जैविक खेती की योजनाओं की भी समीक्षा बैठक की। इस बैठक में प्रदेश के किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता और जैविक उत्पादों के विपणन तथा प्रमाणीकरण को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि बुन्देलखण्ड में प्राकृतिक एवं जैविक खेती वर्तमान में कुल 1073 क्लस्टरों में 42,250 हेक्टेयर क्षेत्र में सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। इससे इस क्षेत्र के 65,790 कृषक सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। इस योजना के लिए स्वीकृत कुल 105.22 करोड़ रुपये की कार्ययोजना धनराशि के सापेक्ष पिछले चार वर्षों में 77.6286 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विश्व मृदा दिवस 05 दिसंबर को राज्य स्तर पर एक वृहद् कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार जनपद स्तर पर भी बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

गौ-सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने सुझाव दिया कि गौशालाओं से गोबर व गोमूत्र इकट्ठा करके जीवामृत/घनजीवामृत/प्रॉम बनाकर किसानों द्वारा उपयोग किया जा सकता है, जिससे रासायनिक उर्वरक का उपयोग कम होगा। इस समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव (कृषि), इन्द्रविक्रम सिंह, सचिव कृषि, टी०के० शिबू, विशेष सचिव (कृषि), डाॅ. पंकज त्रिपाठी, कृषि निदेशक, उ०प्र०, हरेन्द्र उपाध्याय, निदेशक, सीमा एवं संयुक्त कृषि निदेशक अनिल कुमार यादव उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *