Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सुलतानपुर में शॉर्ट सर्किट से घर-गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान

घटना स्थल पर जुटी भीड़
आग बुझने के बाद का दृश्य

सुलतानपुर, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कृष्णा नगर में बीती रात एक मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह रिहायशी मकान था, जिसमें कपड़े का गोदाम भी बना हुआ था। आग की लपटें गोदाम तक पहुंचने से लाखों का भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम देर से पहुंची, जिसके बाद मोहल्ले वालों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।

घटना नगर के कृष्णा नगर निवासी छोटे लाल सोनी के घर में हुई। आग लगने पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। छोटे लाल के परिवार के सदस्यों ने सजगता दिखाई और सभी सामान छोड़कर घर से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, घर में बने कपड़े के गोदाम में आग फैलने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

स्थानीय निवासी बबलू जायसवाल ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले बिजली कटवाई और फायर ब्रिगेड व डायल 112 को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने में देरी हुई। इसके बाद उन्होंने और अन्य मोहल्ले वालों ने समरसेबल और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।

कुछ लोगों का यह भी कहना है कि घर में लगे जालीदार दरवाजे से पटाखे की चिंगारी अंदर चली गई, जिससे कंबल में आग लग गई और उसने विकराल रूप ले लिया। नुकसान का सही आकलन आग बुझने के बाद ही हो पाएगा।

इसी दौरान, बचाव व्यवस्था में जुटे भाजपा नगर उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे भाजपा सभासद दिनेश चौरसिया ने हिमांशु गुप्ता के साथ अभद्रता की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद पीड़ित हिमांशु गुप्ता ने सभासद दिनेश चौरसिया के खिलाफ नगर कोतवाली में शिकायत पत्र दर्ज कराया है।

—————

(Udaipur Kiran) / दयाशंकर गुप्त

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *