Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

फिट इंडिया 31 अक्टूबर से शुरू करेगा देशव्यापी ‘कश्मीर से कन्याकुमारी’ और ‘पैडल टू प्लांट’ साइकिलिंग अभियान

युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय का प्रमुख मिशन ‘फिट इंडिया’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर से देशव्यापी दो बड़े साइकिलिंग अभियानों का आयोजन करने जा रहा है। इन अभियानों का नाम “आयरन व्हील्स ऑफ यूनिटी” रखा गया है, जो देश की एकता, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4480 किमी की साइकिलिंग

‘कश्मीर टू कन्याकुमारी’ साइकिलिंग अभियान 31 अक्टूबर को श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) से शुरू होगा। यह यात्रा पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक होते हुए 16 नवंबर को कन्याकुमारी (तमिलनाडु) में समाप्त होगी। इस ऐतिहासिक यात्रा में 150 साइकिल सवार हिस्सा लेंगे, जो सरदार पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित एक अनूठा सम्मान होगा। इस अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध पर्वतारोही निशा कुमारी करेंगी, जिन्होंने 17 मई, 2023 को माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल की थी और भारत से लंदन तक साइकिल यात्रा कर ‘चेंज बिफोर क्लाइमेट चेंज’ का संदेश दिया था।

‘पैडल टू प्लांट’ से हरित संदेश

दूसरा अभियान “पैडल टू प्लांट” 4000 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। यह यात्रा अरुणाचल प्रदेश के पांगसाउ से शुरू होकर असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से गुजरते हुए गुजरात के मुंद्रा में 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त होगी। यात्रा के दौरान साइकिल सवार 1 लाख पौधे लगाएंगे और विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों में जलवायु परिवर्तन और फिटनेस पर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, “मैं सभी साइकिल चालकों को शुभकामनाएं देता हूं जो फिट इंडिया आयरन व्हील्स ऑफ यूनिटी अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। यह अभियान हमारे महान स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत के नागरिक फिट और स्वस्थ रहें। यह पहल उस दृष्टिकोण को और सशक्त बनाएगी। साइकिलिंग न केवल फिटनेस के लिए लाभदायक है बल्कि प्रदूषण कम करने का भी एक प्रभावी उपाय है। मैं सभी देशवासियों से अपील करता हूं कि वे रोजाना 30 मिनट से 1 घंटा साइकिलिंग को दें।”

डॉ. मांडविया द्वारा शुरू किए गए ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान के विस्तार के रूप में ‘आयरन व्हील्स ऑफ यूनिटी’ 1 लाख किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन में कमी लाएगा। यह पहल फिट इंडिया के पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को और मज़बूत करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *