Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

महानगरों जैसे होंगे सीतापुर के पांच प्रमुख चौराहे, जिलाधिकारी ने दिए अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

शहर का लालबाग चौराहा

सीतापुर , 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर शहर के प्रमुख चौराहों से 150 मीटर तक अतिक्रमण हटाने की चर्चाओं पर आज जिला अधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने मुहर लगा दी। जिला प्रशासन के फैसले से इन पांच चौराहों पर दुकानदारों एवं व्यापारियों में खलबली मच गई है।

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सोमवार को साफ शब्दों में कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों पर अब अतिक्रमण और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके निर्देश पर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के पाँच प्रमुख चौराहों—लालबाग चौराहा, आँख अस्पताल तिराहा, बस स्टैंड तिराहा, कैप्टन मनोज पाण्डेय चौराहा एवं कोतवाली चौराहा का आधुनिक और सुव्यवस्थित सौन्दर्यीकरण कराया जाएगा।

डीएम ने निर्देश दिए कि इन सभी चौराहों के चारों ओर 150 मीटर की परिधि में मौजूद समस्त स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को नियमानुसार हटाया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि स्थायी अतिक्रमण करने वालों को नोटिस देकर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारु हो और आमजन को जाम से राहत मिले।

जिलाधिकारी ने बताया कि इन चौराहों का विकास महानगरों की तर्ज पर किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फोर-वे ट्रैफिक सिग्नल, ऑटोमैटिक चालान प्रणाली के तहत एएनपीआर कैमरे और आधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। अवैध पार्किंग पर लगाम कसने के लिए टोइंग वाहनों की भी पुख्ता व्यवस्था होगी।

ई-रिक्शा संचालन पर भी डीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा पंजीकरण अनिवार्य है, बिना पंजीकरण संचालन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। नगर पालिका परिषद में ई-रिक्शा पंजीकरण के लिए विशेष काउंटर बनाया गया है। चालक नगर पालिका की वेबसाइट पर जाकर 500 रुपये शुल्क जमा कर पंजीकरण करा सकते हैं। ई-रिक्शा संचालन के लिए कलर कोडिंग और होलोग्राम के माध्यम से निर्धारित रूट लागू किए जाएंगे।

जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों से तय है कि अब शहर के चौराहों की सूरत बदलेगी और यातायात व्यवस्था को लेकर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं सोमवार शाम जिलाधिकारी के इस निर्णय पर इन चौराहों से संबंधित दुकानदारों में खलबली मच गई है माना जा रहा है 150 मीटर तक चौराहों से अतिक्रमण हटाने में कई स्थाई दुकानदार प्रभावित होंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *