Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

पौष त्रयोदशी पर कोटारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कोटार शिव धाम में दर्शन पूजन के लिये कतार बद्ध भक्त

मीरजापुर, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर हलिया क्षेत्र के प्रसिद्ध कोटारनाथ शिव मंदिर पर बुधवार को पौष त्रयोदशी (पूसी तेरस) के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर में मंगला आरती के साथ ही दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हुआ, जो शाम जारी रहा। माना जा रहा है कि एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के दरबार में शीश नवाया।

क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ मध्यप्रदेश के सीधी, रीवा, सतना, सिंगरौली तथा प्रयागराज, सोनभद्र और भदोही जिलाें से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं ने अदवा नदी में स्नान कर फूल-माला, नारियल, प्रसाद, भांग, धतूरा और बेलपत्र अर्पित करते हुए जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। दर्शन के साथ भक्तों ने माता पार्वती, भगवान गणेश, माता सरस्वती और हनुमान जी की भी विधिवत पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया और हवन-पूजन कर मनौती पूर्ण की।

मेले में लगी दुकानों पर प्रसाद, श्रृंगार सामग्री, बांस की टोकरियां, लकड़ी की मथानी और मूसल आदि की खूब खरीदारी हुई। दर्शन के बाद कुछ श्रद्धालुओं ने अदवा नदी तट पर बाटी-चोखा का भी आनंद लिया। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कोटार-सोठिया मार्ग, कोटार-ड्रमंडगंज-हलिया मार्ग समेत तीन स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों को मेला क्षेत्र के बाहर ही रोक दिया गया। थानाध्यक्ष हलिया राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ भीड़ नियंत्रण में जुटे रहे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में महिला कांस्टेबल तैनात रहीं। ग्राम प्रधान विनोद सिंह भी वालेंटियर्स के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में लगे रहे।

हालांकि दर्शन के दौरान तीन महिलाओं के मंगलसूत्र कटने की घटनाएं सामने आईं। चिल्ह गांव निवासी सीजल देवी का गर्भगृह में मंगलसूत्र कट गया, वहीं लालगंज थाना क्षेत्र के उरुआ गांव की सुनीता त्रिपाठी और चुनार के समसपुर निवासी देवी का करीब 25 हजार रुपये का मंगलसूत्र चोरी हो गया। मंदिर पुजारियों सीताराम गिरी और जयराम गिरी ने बताया कि पौष त्रयोदशी पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कोटारनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण कीं।

————–

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *