Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

शिमला और लाहौल-स्पीति में सीजन की सबसे ठंडी रात, मैदानों में कोहरे का अलर्ट

शिमला : मौसम

शिमला, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में दिसम्बर माह की शुरुआत कड़ाके की ठंड से हुई है। राजधानी शिमला और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो एक रात में 4 डिग्री नीचे गिरा है और सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो व कुकुमसेरी में पारा माइनस में बना हुआ है। ताबो में तापमान -8.0 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। सर्द रातों के चलते जनजातीय इलाकों में जलस्त्रोत जमने लगे हैं और स्थानीय लोगों का जनजीवन कठिन बन गया है।

मनाली और कुफ़री जैसे हिल स्टेशनों में भी ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। मनाली में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस व कुफ़री में 3.1 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के निचले इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुंदरनगर में आज सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता केवल 70 मीटर रह गई। मंडी में दृश्यता 100 मीटर जबकि बिलासपुर में 50 मीटर तक सीमित रही, जिसके चलते सुबह के समय वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।

कई शहरों में रिकॉर्ड ठंड, न्यूनतम तापमान गिरा

राज्य में आज सबसे कम पारा ताबो (-8.0), कुकुमसेरी (-2.7), नारकंडा (2.4), रिकांगपिओ (2.2), मनाली (2.7), भुंतर (3.0), कुफ़री (3.1), सुंदरनगर (3.7), पालमपुर (4.0), हमीरपुर (4.0), सराहन (5.0), शिमला (5.0), मंडी (5.1), जुब्बड़हट्टी (6.0), देहरा गोपीपुर (6.0), बिलासपुर (7.5), नाहन (10.3) और पौंटा साहिब (10.0) रहे।

राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान आज सामान्य से 0.5 डिग्री कम दर्ज किया गया है, जबकि पिछले 24 घंटों में इसमें 1.9 डिग्री की गिरावट आई है। पूरे नवंबर माह में बारिश सामान्य से 95 फीसदी कम रही, जिससे बादलों के न बरसने के कारण सूखी ठंड और अधिक परेशान करने लगी है।

कोहरे का कहर : दो दिन के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 3 और 4 दिसंबर के लिए हिमाचल के मैदानी और निचले इलाकों में सुबह और शाम घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बिलासपुर और मंडी जिला में कोहरे का प्रभाव अधिक रहेगा।

5 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। 5 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। 6 दिसंबर को मौसम फिर साफ रहेगा, जबकि 7 दिसंबर को फिर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। 8 दिसंबर को मौसम सामान्य रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *